खरगोन। क्षत्रिय सकल सगरवंशी माली समाज सामाजिक संस्था यूथ फोरम के तत्वाधान में रविवार को शहर की पीजी कॉलेज भारत माता सभागार में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक बालकृष्ण पाटीदार, विशेष अतिथि पद्म जगदीश जोशीला एवं लॉ कॉलेज सहायक प्राध्यापक शिवांगी निराले के साथ ही कार्यक्रम अध्यक्ष हेमराज सोलंकी ने समाज की 500 प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्राथमिक, माध्यमिक और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम हासिल करने वाले विद्यार्थियों के साथ ही सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। स्वागत भाषण यूथ फोरम अध्यक्ष जितेंद्र मुछाल ने दिया। उन्होंने कहा आज समाज के विद्यार्थियों सहित पालकों की उपस्थिति ने आयोजन समिति का उत्साहवर्धन किया है, यही आयोजन की सफलता है। आयोजन का उद्देश्य है कि समाज की प्रतिभाएं आगे भी इसी तरह खुद का, परिवार का और समाज का नाम रोशन करे।
मुख्य अतिथि विधायक पाटीदार ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं का सम्मान हमारी संस्कृति है। ऐसे आयोजन से सामाजिक कार्यकर्ताओं के जहां कार्य का मूल्यांकन होता है, वहीं विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ता है। यह विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार करेगा और उनके आगे बढऩे का मार्ग प्रशस्त होगा। समाज अध्यक्ष कैलाश माली ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्कूल बेग, प्रमाण-पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। संचालन मीडिया प्रभारी पंकज सोलंकी ने किया।