भोपाल। मध्य प्रदेश में आज की सुबह दतिया उपचुनाव की सियासी हलचल, किसानों के लिए बड़े आयोजन, डॉक्टरों के उग्र आंदोलन और इंदौर से आई एक मिसाल की खबर के साथ हो रही है।
दतिया के दंगल में सीएम मोहन यादव का रोड शो, प्रत्याशी के पक्ष में मांगेंगे वोट
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी पारा चरम पर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दतिया में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में धुआंधार चुनाव प्रचार करेंगे।
सबसे पहले सीएम मोहन यादव आज दतिया में विशाल रोड शो करेंगे। यह रोड शो मां पीतांबरा शक्तिपीठ के पश्चिमी द्वार से शुरू होकर भैरो मंदिर बड़ी तिगैलिया तक निकाला जाएगा।
रोड शो के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी सीएम के साथ मौजूद रहेंगे। वहीं शाम 5 बजे मुख्यमंत्री सिंधी धर्मशाला में आयोजित कुशवाहा समाज के सम्मेलन में शामिल होकर संवाद करेंगे।
खंडवा में ‘बलराम कृषि महोत्सव’: किसानों से संवाद करेंगे सीएम
प्रदेश में मनाए जा रहे “कृषक कल्याण वर्ष-2026” के तहत आज खंडवा की नई कृषि उपज मंडी परिसर में सुबह 11 बजे से ‘बलराम कृषि महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में शामिल होकर किसानों को संबोधित करेंगे। महोत्सव में किसानों को ड्रोन तकनीक, स्मार्ट सिंचाई, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, उन्नत बीज और मौसम आधारित खेती की जानकारी दी जाएगी।
कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन समेत विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जहां विशेषज्ञ किसानों की समस्याओं का समाधान करेंगे।
स्टाइपेंड की मांग को लेकर MBBS इंटर्न्स का आंदोलन तेज, अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू
प्रदेश में एमबीबीएस इंटर्न्स का स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर जारी आंदोलन अब और उग्र रूप ले चुका है। “वॉइस ऑफ इंटर्न्स, मध्य प्रदेश” के बैनर तले छात्र लगातार अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। गांधी मेडिकल कॉलेज (GMC) के डॉ. संकेत और डॉ. कृष्णा आज से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ रहे हैं।
इंटर्न्स अपना स्टाइपेंड वर्तमान 14,337 रुपये से बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रतिमाह करने की मांग कर रहे हैं। ज्ञापन, पदयात्रा और कार्य बहिष्कार के बाद अब छात्र दोपहर 12 बजे हमीदिया अस्पताल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगामी रणनीति का खुलासा करेंगे।
खजूरी बाजार निवासी 25 वर्षीय गौरव दवे को डॉक्टरों ने ब्रेन डेथ घोषित कर दिया था, जिसके बाद उनके परिजनों ने अंगदान का बड़ा और संवेदनशील निर्णय लिया।
गौरव का लिवर अपोलो अस्पताल के मरीज को और दोनों किडनियां सीएचएल अस्पताल के दो जरूरतमंद मरीजों को प्रत्यारोपित की जाएंगी। सोमवार सुबह ग्रीन कॉरिडोर बनाकर अंगों को गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।