उज्जैन। प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एवं निर्देशक मधुर भंडारकर सोमवार तड़के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान महाकाल की प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने भस्म आरती के दिव्य दर्शन किए और बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।
मधुर भंडारकर सुबह करीब 3 बजे इंदौर से उज्जैन पहुंचे। वे इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सीधे महाकाल मंदिर पहुंचे। भस्म आरती के दौरान वे पूरी श्रद्धा के साथ भगवान महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए।
भस्म आरती के बाद उन्होंने नंदी महाराज का पूजन-अभिषेक किया और परंपरा के अनुसार नंदी के कान में अपनी मनोकामना कही। इसके पश्चात चांदी द्वार से पुजारी के माध्यम से भगवान महाकाल को जल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दर्शन उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।
मीडिया से चर्चा करते हुए मधुर भंडारकर ने कहा कि वे हर वर्ष भगवान महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आते हैं। उन्होंने कहा कि महाकाल के दर्शन से उन्हें हमेशा आत्मिक शांति और आनंद की अनुभूति होती है। उन्होंने विशेष रूप से मंदिर परिसर में युवा पीढ़ी को ष्बम-बम भोले के जयकारे लगाते देख खुशी जताई और इसे भारतीय संस्कृति व आस्था का सकारात्मक संदेश बताया।
गौरतलब है कि यह पहला अवसर नहीं है जब मधुर भंडारकर महाकाल मंदिर पहुंचे हों। इससे पहले भी वे कई बार बाबा महाकाल के दर्शन कर भस्म आरती में शामिल हो चुके हैं।