दतिया। विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम चरण में रविवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण ने पार्टी प्रत्याशी दामोदर यादव के समर्थन में शहर में रैली और रोड शो निकालकर मतदाताओं से समर्थन मांगा।
रैली सुबह करीब 11ः30 बजे उनाव रोड स्थित आजाद समाज पार्टी कार्यालय से शुरू हुई। यह शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए किला चौक पहुंची। रास्तेभर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नारे लगाए और चंद्रशेखर आजाद का स्वागत किया। रैली में बड़ी संख्या में युवा और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
दामोदर यादव के समर्थन में की अपील
रैली का समापन किला चौक स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस दौरान चंद्रशेखर आजाद ने दामोदर यादव को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सामाजिक न्याय, सम्मान और जनता की आवाज को मजबूत करने का अवसर है।
दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दौर में भाजपा, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी पूरी ताकत से मैदान में हैं। ऐसे में चंद्रशेखर आजाद की रैली से चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।