मुरैना। जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र के उत्तमपुरा गांव में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला का शव घर के अंदर खाट पर खून से लथपथ मिला। बदमाशों ने रात के अंधेरे में कथित तौर पर लूट और डकैती की नीयत से घर में घुसकर सो रही महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी महिला के कानों की बालियां और गले के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
देवगढ़ थाना क्षेत्र के उत्तमपुरा गांव में रहने वाली विमला देवी रात में अपने घर में अकेली सो रही थीं। आशंका है कि देर रात बदमाश लूट की नीयत से घर में घुसे। इसी दौरान महिला की नींद खुल गई होगी, जिसके बाद पहचान उजागर होने के डर से आरोपियों ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी। सुबह पड़ोसियों ने घर के अंदर देखा तो महिला खाट पर खून से लथपथ पड़ी थी। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों को ग्वालियर से बुलाया गया।
सूचना मिलने पर देवगढ़ थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर हत्या में इस्तेमाल होने का संदेह वाला धारदार हथियार मिला है। वहीं करीब 50 मीटर दूर ग्लव्स भी बरामद हुए हैं। शुरुआती आशंका है कि आरोपी ग्लव्स पहनकर आए थे ताकि कोई फिंगरप्रिंट न मिले। पुलिस ने सभी साक्ष्य जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के परिजनों का कहना है कि आरोपी लूट और डकैती की नीयत से घर में घुसे थे। उनका मानना है कि महिला के जाग जाने के कारण बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए उसकी हत्या कर दी। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस हत्या, लूट और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।