रतलाम। मध्यप्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप के मार्गदर्शन में आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत रतलाम शहर के कम्युनिटी हॉल में आयुष्मान कार्ड वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से आए 130 वृद्धजनों को आयुष्मान कार्ड बनाकर प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास एवं अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में कई सकारात्मक पहल की हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मंत्री चैतन्य काश्यप प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, सांदीपनि विद्यालय, संजीवनी क्लिनिक एवं आयुष्मान भारत योजना इसके प्रमुख उदाहरण हैं।
विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोहर पोरवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा अत्यंत सराहनीय पहल है।
भाजपा महामंत्री जयवंत कोठारी ने कहा कि मंत्री चैतन्य काश्यप के माध्यम से आयोजित यह शिविर वृद्धजनों के लिए एक महत्वपूर्ण सेवा कार्य है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज रतलाम में कॉर्निया ट्रांसप्लांट एवं घुटना प्रत्यारोपण जैसी सुविधाओं की सराहना करते हुए कोविड काल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए कार्यों की भी प्रशंसा की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिक इस योजना के लिए पात्र हैं और उन्हें अपने नजदीकी केंद्र पर जाकर आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाना चाहिए।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए मयूर पुरोहित ने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से नागरिकों को लाभान्वित करना आत्मसंतोष का विषय है। इस अवसर पर कॉमन सर्विस सेंटर संचालक अमित शाह, तरुण शर्मा, अंशुमन सोनी एवं विकास पुरोहित का जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मान करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।