चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र के श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में 107 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) अस्पताल के निर्माण कार्य की प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। 30 बेड क्षमता वाले इस अस्पताल (जिसे भविष्य में 100 बेड तक उन्नत किया जा सकेगा) के निर्माण के लिए आधिकारिक रूप से टेंडर जारी कर दिए गए हैं।
इस उपलब्धि पर सांसद सी.पी. जोशी ने मंगलवार को संसद भवन में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से शिष्टाचार भेंट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री के प्रति समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया।
सांसद जोशी ने कहा कि चित्तौड़गढ़ में बनने वाला ESIC अस्पताल क्षेत्र के हजारों श्रमिकों एवं उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह अस्पताल न केवल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित होगा, बल्कि भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए इसकी क्षमता को 100 बेड तक विस्तारित किए जाने की भी व्यवस्था प्रस्तावित है।
इस अवसर पर सांसद जोशी ने केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया को अस्पताल के प्रस्तावित शिलान्यास एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में सादर आमंत्रित भी किया।
भेंट के दौरान सांसद ने चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र से जुड़े अन्य विकास कार्यों, श्रमिकों के हितों तथा उनके कल्याण से संबंधित विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा यह अस्पताल क्षेत्र के कामगारों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगा।
सांसद जोशी ने विश्वास व्यक्त किया कि ESIC अस्पताल के निर्माण से चित्तौड़गढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रमिकों और उनके आश्रितों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा उन्हें उपचार के लिए दूरस्थ स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।