रतलाम। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने मुंबई स्थित पश्चिम रेलवे मुख्यालय में आयोजित समारोह में मई 2026 के लिए "मैन ऑफ द मंथ" संरक्षा पुरस्कार प्रदान किए। यह सम्मान उन कर्मचारियों को दिया गया, जिन्होंने अपनी असाधारण सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण से सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रतलाम मंडल के कर्मचारी अमित, ब्लैक स्मिथ-III को उनकी उत्कृष्ट सजगता एवं त्वरित कार्रवाई के लिए महाप्रबंधक के "मैन ऑफ द मंथ" संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 16 मई 2026 को उज्जैन-संत हिरदाराम नगर रेलखंड पर किलोमीटर 2/14-16 के समीप बाउंड्री पोस्ट की पेंटिंग के दौरान अमित ने बाउंड्री पोस्ट से लगभग तीन मीटर की दूरी पर छह डिब्बों में रखी संदिग्ध विस्फोटक सामग्री देखी। उन्होंने बिना विलंब किए इसकी सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही सुरक्षा टीम तत्काल मौके पर पहुंची और विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित रूप से जब्त कर आवश्यक जांच एवं अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की।
अमित की सतर्कता, त्वरित सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा के कारण एक संभावित गंभीर घटना को समय रहते टाला जा सका। ड्यूटी के प्रति उनकी सजगता और समय पर दी गई सूचना ने रेल संरक्षा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पश्चिम रेलवे ने उनके इस उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें महाप्रबंधक के प्रतिष्ठित "मैन ऑफ द मंथ" संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया है, जो रतलाम मंडल के लिए भी गौरव का विषय है।