रतलाम। जिले में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार रात फूट पड़ा। जावरा तहसील के उपलई गांव में सैकड़ों ग्रामीण ट्रैक्टरों के साथ बिजली ग्रिड पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। बाद में सरसी, रेवास और बड़ायला चौरासी क्षेत्र में भी ग्रामीणों ने हंगामा किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि मेंटेनेंस के नाम पर पिछले कई दिनों से रात में बिना किसी सूचना के बिजली काटी जा रही है। जब ग्रामीणों ने सप्लाई चालू करने के लिए ग्रिड प्रभारी से संपर्क किया तो उनसे अभद्रता की गई। इससे आक्रोशित होकर आसपास के गांवों के लोग भी उपलई ग्रिड पहुंच गए।
सूचना मिलते ही सरसी पुलिस चौकी और औद्योगिक क्षेत्र थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी प्रकाश गडरिया ने ग्रामीणों से समझाइश कर मामला शांत कराया। करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद रात 11 बजे स्थिति सामान्य हो पाई।
ग्रामीण राजेश लोकेंद्र सिंह सोलंकी, बालाराम धाकड़, धीरज राठौर और गोविंदराम प्रजापत ने कहा कि बारिश के मौसम में रात की कटौती से सांप-बिच्छू और अन्य जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा बच्चों की पढ़ाई और जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर ग्रिड प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई और रात में निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की है।