खरगोन। खरगोन जिले के महेश्वर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में नर्मदा नदी के तेज बहाव में बह गए इंदौर निवासी युवक का शव हादसे के करीब 25 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। युवक का शव सहस्त्रधारा की चट्टानों के बीच फंसा मिला। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, इंदौर निवासी अर्पित हाडा रविवार शाम अपने परिवार के साथ महेश्वर घूमने आए थे। सहस्त्रधारा में नर्मदा नदी में स्नान के दौरान वह अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते नदी में बह गए। यह दर्दनाक हादसा उनकी पत्नी और बेटे के सामने हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही महेश्वर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। सोमवार सुबह से सर्चिंग ऑपरेशन शुरू किया गया। कई घंटों की लगातार तलाश के बाद देर शाम युवक का शव सहस्त्रधारा की चट्टानों के बीच फंसा हुआ मिला। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि नर्मदा नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में उतरने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।