निवाड़ी। अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर मंगलवार को निवाड़ी जिले की ओरछा तहसील में जागरूकता रैली निकाली गई। वन विभाग और हायर सेकेंडरी स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली में विद्यार्थियों ने भाग लेकर बाघों और उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण का संदेश दिया।
स्कूल से अभयारण्य तक निकली रैली
रैली हायर सेकेंडरी स्कूल, ओरछा से शुरू होकर वन अभयारण्य क्षेत्र तक पहुंची। इसमें छात्र-छात्राओं ने बाघ और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों के साथ लोगों को जागरूक किया।
वन विभाग ने बताया बाघ दिवस का महत्व
कार्यक्रम का आयोजन वन परिक्षेत्र ओरछा और अभयारण्य वन परिक्षेत्र ओरछा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान रेंजर आदित्य पुरोहित सहित वन विभाग का अमला मौजूद रहा। अधिकारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस हर वर्ष 29 जुलाई को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत साल 2010 में जंगली बाघों के संरक्षण और लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की गई थी।
वन अधिकारियों ने लोगों से जंगलों और वन्यजीवों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। उनका कहना था कि बाघों का संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भी जिम्मेदारी है।