नयागांव। नगर परिषद नयागांव के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) संजय राठौर ने मंगलवार सुबह 7 बजे नगर के विभिन्न वार्डों, मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों एवं नालियों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, कचरा संग्रहण व्यवस्था, नालियों की सफाई एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का गहन अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राठौर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि नगर के प्रत्येक वार्ड में नियमित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सफाई कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कहीं भी कचरे का ढेर, जलभराव अथवा गंदगी दिखाई नहीं देनी चाहिए। सभी सफाई कर्मचारी निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित होकर पूर्ण जिम्मेदारी एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने नालियों की नियमित सफाई, घर-घर से कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा बाजार क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश जाट ने नगरवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ नगर का निर्माण केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व भी है। उन्होंने नागरिकों से घरों एवं प्रतिष्ठानों का कचरा निर्धारित समय पर कचरा संग्रहण वाहन को ही देने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने तथा सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बना ले, तो नयागांव को स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श नगर के रूप में स्थापित किया जा सकता है। नगर परिषद द्वारा नियमित रूप से सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जा रही है तथा नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।