नीमच। वर्ष 2025 की खरीफ फसल में पीला मोजेक रोग से भारी नुकसान झेलने वाले तहसील जीरन के ग्राम भंवरासा एवं पालसोडा के किसानों ने मंगलवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर लंबित फसल बीमा राशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की। किसानों का कहना है कि फसल बर्बाद होने के बावजूद उन्हें अब तक बीमा का लाभ नहीं मिल सका है, जिससे वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि दोनों पटवारी हलकों में पीला मोजेक रोग के कारण फसलों को व्यापक नुकसान हुआ था। शासन द्वारा राहत राशि का वितरण भी किया गया था तथा सर्वेक्षण में 35 से 55 प्रतिशत तक फसल नुकसान दर्ज किया गया था। इसके बावजूद संबंधित बीमा कंपनी द्वारा अब तक किसानों के खातों में बीमा राशि जमा नहीं की गई है।
किसानों ने कहा कि खेती की बढ़ती लागत और फसल नुकसान के बीच बीमा राशि ही उनके लिए सबसे बड़ी राहत है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण आगामी कृषि कार्यों पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
किसानों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर संबंधित बीमा कंपनी से लंबित बीमा राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर राहत मिल सके और वे आगामी कृषि कार्यों के लिए आर्थिक रूप से सक्षम हो सकें।