बुरहानपुर। नेशनल टेक्सटाइल्स कार्पाेरेशन (एनटीसी) द्वारा संचालित ताप्ती मिल के सुरक्षा और इलेक्ट्रिशियन विभाग के कर्मचारियों का वेतन पिछले एक साल से लंबित है। बकाया वेतन की मांग को लेकर कर्मचारी पिछले पांच दिनों से मिल के सामने टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं।
मंगलवार को कर्मचारियों ने कांग्रेस नेताओं के साथ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर भागीरथ वाखला को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और जल्द वेतन जारी करने की मांग की।
एक साल से वेतन नहीं, आर्थिक संकट गहराया
कर्मचारियों का कहना है कि पिछले एक साल से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और वे रोजमर्रा की जरूरतें भी पूरी नहीं कर पा रहे हैं।उनका कहना है कि किराना, इलाज और बच्चों की स्कूल फीस जैसी जरूरी जरूरतों के लिए भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
23 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर कर्मचारी
कर्मचारियों ने बताया कि वे 23 जुलाई से मिल के बाहर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। इसके बावजूद मिल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनका पूरा बकाया वेतन जारी नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
कांग्रेस ने भी उठाई कर्मचारियों की आवाज
शहर कांग्रेस अध्यक्ष रिंकू टाक ने कहा कि एक साल से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है और उनके परिवार गंभीर परेशानियों से गुजर रहे हैं। वहीं, निगम अध्यक्ष अनीता यादव ने भी कर्मचारियों का समर्थन करते हुए उनका पूरा बकाया वेतन जल्द जारी करने की मांग की।
प्रशासन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
ज्ञापन लेने के बाद डिप्टी कलेक्टर भागीरथ वाखला ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांग संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी और नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।