खरगोन। शहर में संचालित हो रही नर्सिंग कॉलेज में समय पर परीक्षा परिणाम जारी नही होने से विद्यार्थियों ने आक्रोश पनपने लगा है। मंगलवार को जुलवानिया रॉड पर संचालित हो रहे शुभदीप कॉलेज ऑफ नर्सिंग के जीएनएम छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कलेक्ट्रेट पहुंची छात्राओं ने ज्ञापन सौपते हुए परीक्षा परिणाम में हो रही देरी को लेकर नाराजगी दर्ज कराई। विद्यार्थियों ने बताया कि लंबे समय से परिणाम घोषित नहीं होने के कारण उनका भविष्य, आगे की पढ़ाई और करियर प्रभावित हो रहा है। विद्यार्थियों का आरोप है कि उनके साथ परीक्षा देने वाले अन्य कॉलेज के विद्यार्थियों का परिणाम घोषित हो चुका है, केवल उनका परिणाम क्यो रोका गया। विद्यार्थियों ने कॉलेज की विश्वसनीयता पर भी संदेह जताया।
ज्ञापन में विद्यार्थियों ने कहा कि वे कई बार कॉलेज प्रबंधन से परिणाम की जानकारी लेने पहुंचे, लेकिन उन्हें न तो परिणाम में देरी का कारण बताया गया और न ही संतोषजनक जवाब दिया जा रहा। यह स्पष्ट किया गया कि कॉलेज का नाम Suitable List में शामिल है या नहीं। इस स्थिति से सभी विद्यार्थी मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि कॉलेज ने उनकी छात्रवृत्ति भी ले ली। इसके अतिरिक्त 25 हजार रुपये शुल्क भी जमा करवाया। शुल्क चुकाने के बाद भी परिणाम जारी नही होने से वे खुद को ठगा सा महसूस कर रहे है।
विद्यार्थियों ने प्रशासन से मांग की कि संबंधित विभाग से जांच कराकर जल्द से जल्द परीक्षा परिणाम घोषित कराया जाए तथा परिणाम में विलंब के कारणों की स्पष्ट जानकारी दी जाए। साथ ही यदि कॉलेज का नाम Suitable List में शामिल है, तो उसका आधिकारिक प्रमाण विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जाए।