नीमच। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 तक राष्ट्रव्यापी ष्संत श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर तक विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास के समता, सेवा, भक्ति और सामाजिक सद्भाव के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
अभियान की रूपरेखा एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय तपोभूमि में जिला कार्यशाला आयोजित की गई। जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं कार्यालय मंत्री विनोद नागदा ने बताया कि कार्यशाला में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, विधायक दिलीप सिंह परिहार, अभियान संयोजक एवं जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास, सहसंयोजक टीना देवड़ा, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष रवि गोयल तथा मंडल महामंत्री किशन अहिरवार सहित पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती, संत श्री गुरु रविदास महाराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने बताया कि सात माह तक चलने वाले अभियान के दौरान समरसता दीप अभियान, कलश वंदन, संत संपर्क अभियान, संत श्री गुरु रविदास समरसता यात्रा तथा युवा छात्रावास संपर्क अभियान सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य सामाजिक समरसता और सद्भाव को मजबूत करना है।
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जिले के सभी मंडलों में निर्धारित स्थानों पर सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगी। जहां संत रविदास मंदिर हैं वहां दीप जलाए जाएंगे और जहां मंदिर नहीं हैं, वहां प्रमुख मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित कर संत रविदास को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
बैठक में अभियान की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए सभी कार्यक्रमों को भव्य एवं गरिमामय ढंग से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम का संचालन किशन अहिरवार ने किया तथा आभार प्रदर्शन टीना देवड़ा ने व्यक्त किया। कार्यशाला में जिला, मंडल एवं मोर्चा पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।