अरनोद। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अरनोद में ईको क्लब के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
प्रधानाचार्य श्यामलाल गायरी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यालय परिसर को अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाना है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने ष्पेड़ लगाओ-पर्यावरण बचाओष्, ष्हमारा ग्रह, हमारा घर, हमारी जिम्मेदारीष्, जल संरक्षण, जलवायु परिवर्तन एवं नीम के वृक्ष के महत्व जैसे प्रेरक संदेशों से युक्त जागरूकता पोस्टरों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पौधारोपण की सही विधि, पौधों की देखभाल तथा हरित वातावरण के महत्व की जानकारी भी दी गई।
ईको क्लब प्रभारी नारायणलाल डाबी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा जल, ऊर्जा एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति सदैव जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर अध्यापक कन्हैयालाल मीणा, मोहनलाल मीणा, गिरिजेश पाराशर, वरिष्ठ अध्यापिका अक्षिता चौधरी, महेश कुमार मीणा एवं अशोक कुमार रैदास सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।