शाजापुर। पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में जिले में चोरी की घटनाओं के त्वरित निराकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सुनेरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी के आरोपी को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब ₹1 लाख मूल्य का चोरी गया मशरूका बरामद किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी अजयकुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अंकित मुकाती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार फरियादी ने 26 जुलाई की रात थाना सुनेरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उसके डम्पर एवं ट्रैक्टर की बैटरियां चोरी कर ले गए हैं। शिकायत पर थाना सुनेरा में अपराध क्रमांक 206/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 28 जुलाई को रात्रि गश्त के दौरान नाकाबंदी कर शशिकांत उर्फ गोलू पिता राणा झाला (30 वर्ष), निवासी ग्राम टोंककला को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से डम्पर की दो बैटरियां, ट्रैक्टर की दो बैटरियां तथा वारदात में प्रयुक्त एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब ₹1 लाख बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। अब उससे अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अंकित मुकाती, उप निरीक्षक डी. लकड़ा, प्रधान आरक्षक मोहन पटेल और विष्णु चौहान सहित आरक्षक बृजमोहन, तेजपाल राणा, अखिलेश भंडारी, मनोज शर्मा, सुनील राजपूत, अरुण यादव, गोविंद चन्द्रवंशी एवं राहुल वर्मा का सराहनीय योगदान रहा।