खरगोन। जिले के नवागत कलेक्टर गुरुप्रसाद ने कार्यभार संभालने के बाद बुधवार को पत्रकारों से परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले के विकास, प्रशासनिक व्यवस्था और आमजन से जुड़े मुद्दों पर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।
कलेक्टर गुरुप्रसाद ने कहा कि प्रशासन में कसावट लाने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र में बेहतर काम करना उनकी प्रमुख प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी के जीवन स्तर में सुधार लाने और लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाने में इन तीनों क्षेत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
परिचय देते हुए कलेक्टर ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के काजीपुरा जिले के एक छोटे से गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा शासकीय स्कूल से प्राप्त की और इसके बाद नवोदय विद्यालय से हायर सेकेंडरी की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने आईआईटी कॉलेज से बीटेक और एमटेक की डिग्री हासिल की।
कलेक्टर गुरुप्रसाद ने बताया कि कलेक्टर के रूप में यह उनकी पहली पदस्थापना है। इससे पहले वे एसडीएम और जिला पंचायत सीईओ जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा निजी क्षेत्र की कंपनी में भी कार्य कर चुके हैं।
उन्होंने राजस्व प्रकरणों में गड़बड़ी संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उचित निराकरण का भरोसा दिलाया। साथ ही कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ जिले के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
बैठक के दौरान अपर कलेक्टर रेखा राठौर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।