दतिया। विधानसभा उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मतदान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि 30 जुलाई को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दतिया विधानसभा क्षेत्र के 291 मतदान केंद्रों पर 2 लाख 20 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान कराने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
प्रशासन ने आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिया है। अधिकारियों ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है।