दतिया। विधानसभा उपचुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से चुनाव प्रचार समाप्त होते ही मंगलवार शाम जिला प्रशासन और पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल हुए। फ्लैग मार्च का उद्देश्य मतदाताओं में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाना तथा असामाजिक तत्वों को कानून व्यवस्था बनाए रखने का स्पष्ट संदेश देना था।
फ्लैग मार्च की शुरुआत भैरव मंदिर से हुई, जो तिगैलिया, टाउन हॉल, बड़ा बाजार, पटवा तिराहा, किला चौक, दारूगर की पुलिया, बिहारी जी मंदिर तिगैलिया, भैरव मंदिर, राजगढ़ चौराहा, सीता सागर, पुरानी कलेक्ट्रेट, सिविल लाइन और झांसी चुंगी पुल होते हुए पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि उपचुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ कार्य किया जाएगा।