नयागांव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री सांवरिया महावीर गौरक्षा केंद्र, नयागांव में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नगर परिषद नयागांव, जन अभियान परिषद (नवांकुर प्रस्फुटन समिति) एवं श्री सांवरिया महावीर गौरक्षा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान आम, जामुन, पीपल, बरगद और नीम जैसे छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित जनों ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर रतन जैनवार, शुभम सोनी, देवीलाल धनगर, भेरूलाल धाकड़, अजय पाटीदार, प्रदीप मीणा, कैलाश भील एवं राजू मेघवाल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गौसेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण से प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण करने का संकल्प लिया।