शाजापुर। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शाजापुर पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देश पर जिले के प्रत्येक थाने में साइबर पुलिस इकाई (Cyber Help Unit) की शुरुआत की गई है।
इस पहल के तहत नव नियुक्त आरक्षकों को विशेष साइबर प्रशिक्षण देकर जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ किया गया है। प्रशिक्षित आरक्षक अब अपने-अपने थानों में साइबर अपराधों से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिक स्तर पर निराकरण, ऑनलाइन ठगी के मामलों में मार्गदर्शन, साइबर जागरूकता अभियान और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएंगे।
अब नागरिकों को साइबर संबंधी शिकायतों के लिए जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज शिकायतों के प्रारंभिक निराकरण के साथ ही CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया भी संबंधित थानों से ही पूरी की जा सकेगी।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने बताया कि प्रत्येक थाने में साइबर प्रशिक्षित आरक्षकों की तैनाती से साइबर अपराधों की रोकथाम, शिकायतों के त्वरित निराकरण और आमजन को समय पर सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
शाजापुर पुलिस ने बताया कि तकनीक आधारित आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए नागरिकों को सरल, सुलभ और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।