धमोतर। राजस्थान सरकार के जनकल्याणकारी अभियान के तहत ग्राम पंचायत बरडिया में बुधवार को आयोजित फॉलो-अप ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए राहत एवं सुविधाओं का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया। इस दौरान 6 लाभार्थियों को आवासीय पट्टों का वितरण किया गया तथा 2 जन्म प्रमाण-पत्र जारी किए गए। लाभार्थियों ने सरकार एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर में ग्रामीणों द्वारा पूर्व में दर्ज कराई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया गया। ग्रामीणों ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि फॉलो-अप शिविरों के माध्यम से समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान हो रहा है, जिससे उन्हें सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
इस अवसर पर "एक पेड़ मां के नाम" एवं "हरियालो राजस्थान" अभियान के अंतर्गत विधिवत पूजन-अर्चन के साथ 1500 पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित जनों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधों के संरक्षण का भी संदेश दिया।
शिविर में विकास अधिकारी राकेश कुमार निनामा, ग्राम विकास अधिकारी सुरेश गायरी, वरिष्ठ सहायक रामचंद्र मीणा, प्रशासक कमला बाई मीणा सहित जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत के कार्मिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आमजन से अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा आवश्यक दस्तावेज समय पर पूर्ण रखने की अपील की।
फॉलो-अप ग्रामीण सेवा शिविर जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने और ग्रामीणों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल साबित हुआ।