नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर ने विभागवार सीएम हेल्पलाइन, अनुकंपा नियुक्ति, राजस्व प्रकरणों सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की। उन्होंने 50 दिवस से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण कर विभागीय रैंकिंग में सुधार लाने तथा अत्यधिक लंबित शिकायतों वाले विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
हाल ही में एक प्लास्टिक फैक्ट्री में हुई दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने श्रम विभाग को विस्तृत जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने, घायल श्रमिक से मुलाकात कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, मुख्य नगरपालिका अधिकारी को नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।
राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान उन्होंने रास्ता विवाद, अतिक्रमण हटाने सहित अन्य मामलों का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मैदानी निरीक्षण से प्रशासनिक निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ आमजन का विश्वास भी मजबूत होगा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच पराग जैन, एसडीएम जावद संजीव साहू, एसडीएम मनासा किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, श्रुति भयड़िया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।