शाजापुर। जिले में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) द्वारा इस वर्ष गुरु पूर्णिमा का पर्व एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल के साथ मनाया गया। पार्टी की ओर से इस पावन अवसर पर समाज में जन्म लेने वाले महान समाज सुधारकों, संतों और महापुरुषों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके जीवन दर्शन को याद किया गया।
इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य आयोजन स्थानीय कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेश गोयल ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में समाज को आगे बढ़ाने और वैचारिक कुरीतियों को दूर करने के लिए महापुरुषों के जीवन को पढ़ना, समझना और उन्हें अपने आचरण में उतारना बेहद आवश्यक है।
महापुरुषों के इतिहास को भूला नहीं जा सकतारू राजेश गोयल
जिला अध्यक्ष राजेश गोयल ने अपने संबोधन में आगे कहा कि हमारे देश और समाज में कई ऐसे महान महापुरुषों ने जन्म लिया जिन्होंने अपना पूरा जीवन मानवता, समानता, सामाजिक न्याय, शिक्षा और अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि गुरु का अर्थ केवल पारंपरिक शिक्षक से नहीं है, बल्कि वह हर व्यक्ति या विचार गुरु के समान है जो समाज को अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आज की युवा पीढ़ी को महापुरुषों के संघर्षमय इतिहास से प्रेरणा लेनी चाहिए। जब तक हम अपने महापुरुषों के बताए गए रास्तों और संविधान के मूल्यों का अध्ययन नहीं करेंगे, तब तक एक सशक्त और समतावादी समाज की कल्पना करना अधूरा है।
कार्यक्रम में गूंजे समानता और शिक्षा के संदेश
गुरु पूर्णिमा के इस कार्यक्रम में पार्टी के प्रभुलाल मंडोर, अजय अहिरवार, नितिन सौराष्ट्रीय,के साथ कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, न्याय और जागरूकता का संदेश पहुंचाएंगे। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि महापुरुषों के विचारों को घर-घर तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों पर चलने का दृढ़ संकल्प लिया और आपसी भाईचारे के साथ समाज सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।