नीमच। आगामी गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं के मूल स्वरूप को बनाए रखने की मांग की है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि गणेश प्रतिमाओं में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या कार्टून रूपी प्रतिमाओं की स्थापना को अनुमति नहीं दी जाए।
विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल मालवा प्रांत नीमच जिला इकाई ने बताया कि विगत कुछ वर्षों से गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक लगाए जाने वाले पंडालों में भगवान श्री गणेश के पारंपरिक स्वरूप से अलग हटकर कार्टून रूपी प्रतिमाएं स्थापित किए जाने के मामले सामने आए हैं। संगठन ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा विषय बताते हुए ऐसे स्वरूपों पर आपत्ति जताई है।
इस संबंध में विहिप-बजरंग दल पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर कार्यालय एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि गणेश उत्सव के लिए केवल भगवान श्री गणेश के वास्तविक एवं पारंपरिक स्वरूप वाली प्रतिमाओं की स्थापना की अनुमति दी जाए।
संगठन ने विवादित स्वरूप की प्रतिमाएं बनाने वाले मूर्तिकारों पर भी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कहा कि कार्टून रूप में गणेश प्रतिमा स्थापित करने वाले आयोजनकर्ताओं का संगठन द्वारा विरोध किया जाएगा।
विहिप-बजरंग दल जिला अध्यक्ष शैलेंद्र गर्ग, जिला उपाध्यक्ष संजय यादव एवं जिला मंत्री कैलाश मालवीय ने प्रशासन से गणेश उत्सव समितियों को स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की।
इसके अलावा संगठन के पदाधिकारियों ने मूर्तिकारों के यहां पहुंचकर निरीक्षण किया और उनसे भगवान श्री गणेश के मूल स्वरूप के अनुरूप ही प्रतिमाएं बनाने का आग्रह किया।