नीमच। राज्य शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में बुधवार को सांदीपनि विद्यालय, मनासा में जिला स्तरीय गुरु वंदन-अभिनंदन एवं सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह का उद्देश्य गुरुजनों का सम्मान, उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों का अभिनंदन तथा नवनियुक्त शिक्षकों का स्वागत करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं विधायक अनिरुद्ध माधव मारू थे। वहीं अनूप व्यास, निलेश पाटीदार एवं सांडिया के पूर्व सरपंच बाबूलालजी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मूंदड़ा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी बीएल जावरीय तथा सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य बीएल बसेर ने किया।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सतत सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत गत शैक्षणिक सत्र में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने अपने उद्बोधन में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों एवं सांदीपनि विद्यालय के समस्त स्टाफ की सराहना करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता को निरंतर बनाए रखने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार ने सांदीपनि विद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कारिक अवधारणा की प्रशंसा करते हुए कहा कि गुरु सांदीपनि के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेकर गुरु एवं विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयासों से भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने का संदेश दिया।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों से आमंत्रित प्राचार्यों ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा आगामी शैक्षणिक सत्र में और बेहतर परीक्षा परिणाम देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नवनियुक्त प्राथमिक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से गुरु वंदना कर गुरुजनों के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई।
कार्यक्रम का संचालन घनश्याम शर्मा एवं रोहित मांदले ने किया, जबकि विकासखंड शिक्षा अधिकारी बी.एल. जावरीय ने आभार व्यक्त किया।