देवास। जिले के भौरासा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शादीखेड़ा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ (चीता) अचानक कुएं में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने ग्रामीणों की मदद से सावधानीपूर्वक तेंदुए को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया। इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना पर भौरासा थाना क्षेत्र की डायल-112 भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में सहयोग किया। वन विभाग और पुलिस की सतर्कता के चलते रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की टीम के कार्य की सराहना की।