खरगोन। जिले के कसरावद के ग्राम मुलठान के ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही लगातार बिजली कटौती से परेशान आमजन के लिए राहत की उम्मीद जगी है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मुलठान, ब्लॉक किसान कांग्रेस और भारत कृषक समाज के संयुक्त तत्वावधान में आज किसानों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर ज्ञापन सौंपा।
क्या है मामला
तहसील कसरावद के विद्युत वितरण केंद्र मुलठान क्षेत्र में दिन और रात में कई बार बिजली काटी जा रही थी। इससे किसानों को खेती में, महिलाओं-बच्चों और बुजुर्गों को घर में भारी दिक्कत हो रही थी। रात में अंधेरे के कारण सांप-बिच्छू का खतरा भी बढ़ गया था। साथ ही ग्रामीणों का कहना था कि कटौती सिर्फ गांवों में हो रही है, जबकि शहरी क्षेत्रों में बहुत कम कटौती है।
भारत कृषक समाज भोपाल के प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव और विधायक सचिन सुभाष यादव के निर्देश पर ग्रामीणों के साथ मिलकर यह ज्ञापन म.प्र. पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लि. मुलठान के सहायक यंत्री के माध्यम से मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश शासन को भेजा गया।
ज्ञापन में रखीं 4 मुख्य मांगें
1. रातकालीन बिजली कटौती तुरंत बंद की जाए।
2. यदि कटौती जरूरी हो तो वह न्यूनतम अवधि के लिए और तय समय-सारणी के अनुसार दिन में की जाए।
3. वर्षा ऋतु में रात में बिजली बाधित न हो, ताकि जहरीले जीव-जंतुओं से लोगों की सुरक्षा हो सके।
4. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिजली कटौती को लेकर समान नीति लागू हो।
ज्ञापन सौंपते समय कांग्रेस और किसान नेताओं ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आमजन की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए सरकार शीघ्र कार्रवाई करेगी। ज्ञापन में ब्लॉक कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।