चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में गुरुवार को पंचायत समिति चित्तौड़गढ़ की ग्राम पंचायत घोसुंडी मुख्यालय पर संध्या चौपाल एवं फॉलोअप शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा विद्यालय के विकास में सहयोग देने वाले भामाशाहों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। राजस्व विभाग की ओर से पट्टे वितरित किए गए, कृषि विभाग द्वारा किसानों को लाभान्वित किया गया तथा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, पंचायत राज विभाग, जन्म पंजीयन एवं परिवहन विभाग सहित विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई की कोई निश्चित समय-सीमा नहीं होती, जितना अधिक समय मन लगाकर अध्ययन करेंगे, उतना ही बेहतर परिणाम मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वर्तमान समय उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दौर है और यही उम्र सीखने, पढ़ने तथा अपने भविष्य की मजबूत नींव रखने की है।
जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग से बचने तथा किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि अनुशासन, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित अध्ययन, खेलकूद एवं अच्छे संस्कारों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
संध्या चौपाल में उपखंड अधिकारी रजनी मीणा, विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह, जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।