चित्तौड़गढ़। जिला कलक्ट्रेट परिसर में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए रैंप और लिफ्ट की व्यवस्था उपलब्ध है। यह जानकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू-अभिलेख) रामचंद्र खटीक ने गुरुवार को दी।
उन्होंने बताया कि हाल ही में एक समाचार पत्र में कलक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर रैंप नहीं होने संबंधी समाचार प्रकाशित हुआ था। इस पर स्पष्टीकरण देते हुए उन्होंने कहा कि कलक्ट्रेट परिसर में दिव्यांगजनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक रैंप एवं लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध है, जिनका उपयोग आगंतुक नियमित रूप से कर रहे हैं।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर कलक्ट्रेट के कार्मिक भी दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को संबंधित कार्यालयों तक पहुंचने और कार्य संपादित कराने में सहयोग प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजन हितैषी अधोसंरचना विकसित करने तथा सभी नागरिकों को सुलभ, सुरक्षित और बाधारहित शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।