सिंगोली। तहसील क्षेत्र के ग्राम कदवासा और धनगांव में पिछले पांच दिनों से मगरमच्छों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर दोनों विशालकाय मगरमच्छों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया और उन्हें सुरक्षित चंबल नदी में छोड़ दिया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम धनगांव बस स्टैंड स्थित तलाई में मगरमच्छ दिखाई देने के बाद पूरे गांव में भय का वातावरण बन गया था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लगातार तीन दिनों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने में सफलता प्राप्त की।
इसी प्रकार बुधवार को ग्राम कदवासा की बालापुरा नई आबादी स्थित तलाई में भी विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने पर वन विभाग ने करीब पांच घंटे तक चले संयुक्त अभियान के बाद उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। इस प्रकार बीते दो दिनों में दो गांवों को मगरमच्छ की दहशत से मुक्त कराया गया।
रतनगढ़ वन परिक्षेत्र अधिकारी बापूलाल डायना ने बताया कि रेस्क्यू किए गए दोनों मगरमच्छों को शासकीय वाहन से चंबल नदी तक ले जाकर सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान वन परिक्षेत्र अधिकारी बापूलाल डायना के नेतृत्व में वन रक्षक भूपेंद्र बैरागी, सदाशिव धाकड़, निरंजन पाराशर, सुरक्षा श्रमिक शंभुलाल प्रजापत, घीसालाल गुर्जर, रमेश गुर्जर, बाबूलाल धाकड़, लीलाधर सुथार तथा वाहन चालक बालकिशन सहित ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।