खरगोन। दिल्ली में छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया। रैली निकालकर प्रदर्शन कर रहे छात्र छात्रओ का प्रदर्शन उस समय हंगामे में बदल गया, जब वे सांसद गजेंद्र सिंह पटेल के कार्यालय का घेराव करने निकले। पुलिस ने उन्हें एसडीएम कार्यालय के मुख्य गेट पर ही रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछार भी की।
दिल्ली में छात्रों के साथ कथित बर्बरता का आरोप लगाते एनएसयूआई के कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं रैली निकालकर सडक पर ऊतर गये। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे अपनी मांगों और विरोध का ज्ञापन सांसद तक पहुंचाना चाहते हैं। रैली जैसे ही एसडीएम कार्यालय के मुख्य गेट के पास पहुंची, वहां पहले से तैनात पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। आगे बढ़ने की कोशिश में कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार कर अंदर जाने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन से पानी की बौछार की। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष निलेश सागौरे ने आरोप लगाया कि सांसद कार्यालय तक शांतिपूर्वक पहुंचकर अपनी बात रखने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और वाटर कैनन का इस्तेमाल करते हुए धक्का-मुक्की की। उनका कहना है कि संगठन छात्रों के साथ हुई घटना के विरोध में अपनी आवाज सांसद तक पहुंचाना चाहता था। हलाकि बाद में करीब एक घन्टे बाद प्रदर्शनकारी प्रशासन को ज्ञापन सौपकर चले गये।