शाजापुर। पुलिस विभाग में लगभग 37 वर्ष 3 माह तक निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवाएं देने वाले सुनेरा थाने के सब इंस्पेक्टर आर.एस. तोमर निर्धारित सेवाकाल पूर्ण होने पर सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में आयोजित गरिमामय विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक प्रियंका ने उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सब इंस्पेक्टर आर.एस. तोमर ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान प्रदेश के विभिन्न थानों में सेवाएं दीं। सेवानिवृत्ति से पूर्व वे सुनेरा थाने में पदस्थ थे। अपने कार्यकाल में उन्होंने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने में उनका योगदान सराहनीय रहा।
विदाई समारोह के दौरान थाना परिसर का माहौल भावुक हो उठा। इस अवसर पर उनके परिवारजन, इष्ट-मित्र, शुभचिंतक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने उन्हें पुष्पमालाएं एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके सफल एवं सुखमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने तोमर के कार्यकाल के संस्मरण साझा करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा एक अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ एवं मिलनसार पुलिस अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनका सेवाभाव और कार्यशैली विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।