खरगोन। खरगोन पुलिस द्वारा संचालित नशे से दूरी है ज़रूरी-2.0 जन-जागरूकता अभियान का समापन समारोह पुलिस लाइन परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 1000 से अधिक नागरिकों, छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित सभी लोगों को नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
समारोह के दौरान एलईडी स्क्रीन पर नशामुक्ति से संबंधित लघु फिल्में और जागरूकता वीडियो प्रदर्शित किए गए। वहीं नुक्कड़ नाटक और लोकगीतों के माध्यम से भी नशे के खिलाफ प्रभावी संदेश दिया गया। विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक ने उनके सवालों के जवाब देकर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा क्रीड़ा, शिक्षा, आबकारी, सामाजिक न्याय एवं अन्य विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समापन अवसर पर सभी ने मिलकर नशामुक्त और जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।