खरगोन। होमगार्ड लाइन परिसर में 24 से 30 जुलाई तक आयोजित सात दिवसीय सिविल डिफेंस प्रशिक्षण कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हो गया। जिला सेनानी सुमन बिसोरिया के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के 150 स्वयंसेवकों ने भाग लेकर विभिन्न आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, सीपीआर, अग्निशमन, भूकंप, बाढ़, सर्पदंश, खोज एवं बचाव (सर्च एंड रेस्क्यू) सहित अन्य आपातकालीन स्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
समापन समारोह में जिला सेनानी सुमन बिसोरिया ने प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को सेवा, अनुशासन और मानवता की भावना के साथ समाज की सेवा करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है और उनका प्रशिक्षण समाज के लिए उपयोगी साबित होगा।
कार्यक्रम के अंत में नशा मुक्ति अभियान के तहत सभी स्वयंसेवकों को नशे से दूर रहने तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। प्रशिक्षण के सफल समापन पर प्रतिभागियों ने भविष्य में हर आपदा की स्थिति में सेवा देने का संकल्प लिया।