छतरपुर। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन को लेकर विवाद हिंसक हो गया। खेत और नाले से बालू निकालने का विरोध करने पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद के दौरान मारपीट हुई और फायरिंग होने के भी आरोप लगे। घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक युवक को गोली लगने की बात सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेत से बालू भरने से मना करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दबंगों ने मारपीट के साथ फायरिंग कर दी। घटना में रामदास विश्वकर्मा, उनके पुत्र नरेंद्र विश्वकर्मा, पुष्पेंद्र विश्वकर्मा और संजय विश्वकर्मा घायल हो गए। इनमें पुष्पेंद्र विश्वकर्मा के पैर में गोली लगने की बात कही जा रही है, जबकि अन्य तीन लोग मारपीट में घायल हुए हैं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल छतरपुर भेजा, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।