शाजापुर। जिले के ग्राम खरदौनकला में श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर स्थित पाटीदार मांगलिक भवन में आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान गंगा कथा श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में निरंतर जारी है। कथा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
कथा का वाचन गुरुदेव श्री पंकज वैष्णव जी के श्रीमुख से किया जा रहा है। उनके प्रेरणादायी प्रवचनों से श्रद्धालु भक्ति, धर्म और सनातन संस्कृति के संदेशों को आत्मसात कर रहे हैं।
कथा के शुभारंभ अवसर पर जनपद सदस्य पुष्पा विष्णु पाटीदार ने गुरुदेव का पुष्पमाला एवं शॉल भेंट कर स्वागत-वंदन किया तथा आयोजन की सफलता की कामना की।
आयोजकों ने समस्त ग्रामवासियों एवं धर्मप्रेमियों को इस पावन आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया। कथा स्थल पर प्रतिदिन श्रद्धालुओं की अच्छी खासी उपस्थिति देखने को मिल रही है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।