नीमच। जावद तहसील के ग्राम धामनिया (लासूर) निवासी एवं भारतीय सेना के सैनिक दिनेश चंद्र गायरी 31 जुलाई को अपनी गौरवपूर्ण सैन्य सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनके सम्मान में शनिवार, 1 अगस्त को नीमच में भव्य स्वागत एवं वाहन रैली का आयोजन किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्ति के बाद दिनेश चंद्र गायरी सुबह 10 बजे कोटादृमंदसौर ट्रेन से नीमच रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। यहां उनके परिजन, मित्रगण, समाजजन एवं शुभचिंतक पुष्पमालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत करेंगे।
इसके बाद सुबह 11 बजे रेलवे स्टेशन से वाहन रैली निकाली जाएगी। रैली सीआरपीएफ रोड, गोमाबाई नेत्रालय मार्ग, कलेक्ट्रेट चौराहा, जावद-भरभड़िया रोड, देवनारायण मंदिर पालराखेड़ा और सरवानिया महाराज होते हुए उनके गृह ग्राम धामनिया (लासूर) पहुंचेगी।
आयोजकों के अनुसार, रैली मार्ग पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा सेवानिवृत्त सैनिक का जगह-जगह स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य देश की सेवा करने वाले सैनिक के प्रति सम्मान और युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित करना है।
इस संबंध में जानकारी समाजसेवी रमेश धनगर (डसानी) ने दी।