नीमच। प्रदेश में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच केंट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 1 किलो 445 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उससे अफीम की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नीमच केंट निरीक्षक सौरभ शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक दिवान सिंह चौहान को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि श्रवण कुमार पिता मुखराम माली, निवासी फिरोजपुर (पंजाब), वर्तमान में ग्राम तिवरी, थाना ओसियां, जिला जोधपुर (राजस्थान), अपने पास अवैध अफीम लेकर शोरूम चौराहे पर राजस्थान की ओर जाने वाली बस का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 1 किलो 445 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी श्रवण कुमार (37 वर्ष) को गिरफ्तार कर थाना नीमच केंट में अपराध क्रमांक 394/2026 के तहत धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। बरामद अफीम के स्रोत एवं इसके अवैध कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा, उपनिरीक्षक दिवान सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक सुनील वर्मा, प्रधान आरक्षक उमेश चौहान, प्रधान आरक्षक अजय सिंह राणावत, आरक्षक आशुतोष मिश्रा, आरक्षक कपिल मीणा, आरक्षक सोनेन्द्र सिंह राठौर, आरक्षक मधुसूदन बैरागी एवं आरक्षक राहुल सोलंकी की सराहनीय भूमिका रही।