मंदसौर। नवागत कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने शुक्रवार को जिले के पिपलिया मंडी क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पिपलिया मंडी स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण कर स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों का जायजा लिया तथा वृक्षारोपण भी किया। उनके साथ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुकूल जैन भी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात पिपलिया मंडी विश्राम गृह में विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से शासन की योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना, आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), स्कूलों एवं छात्रावासों की व्यवस्थाओं तथा ड्रॉपआउट बच्चों की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ की संख्या संबंधी जानकारी भी ली।
कलेक्टर ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) एवं वर्तमान वीबीजीआरवाई (विकसित भारत ग्राम योजना) के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान एसडीएम से राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए पूर्व तैयारी करने एवं शिविरों के प्रभावी आयोजन पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर सिंह ने क्षेत्र में पेयजल उपलब्धता की भी विशेष समीक्षा की। अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि वर्तमान में क्षेत्र में कहीं भी पेयजल संकट की स्थिति नहीं है। इस पर कलेक्टर ने पेयजल स्रोतों की जानकारी लेते हुए भविष्य में किसी भी समस्या की स्थिति में वैकल्पिक पेयजल स्रोत विकसित करने के निर्देश दिए। बैठक में विकासखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।