नीमच। जिले में अवैध जुआ-सट्टे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नीमच सिटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे नालवाज कालू दस्सा उर्फ मोहम्मद आरिफ को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जिला जेल भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई के लिए भी प्रकरण प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम बरुखेड़ा स्थित श्मशान घाट के समीप दबिश देकर तीन आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था। पुलिस ने उनके कब्जे से ताश के पत्ते, 25 हजार 500 रुपये की जुआ राशि तथा मौके से फरार हुए अन्य जुआरियों की दो मोटरसाइकिलें जब्त की थीं।
गिरफ्तार आरोपियों द्वारा धारा 23 भारतीय साक्ष्य अधिनियम के तहत दिए गए मेमोरेंडम कथन में बताया गया था कि उक्त स्थान पर कालू दस्सा उर्फ मोहम्मद आरिफ पिता मोहम्मद याकूब हुसैन, निवासी बघाना, नाल काटकर अवैध रूप से जुआ खिलवा रहा था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस ने फरार आरोपी को अभिरक्षा में लेकर वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए जिला जेल नीमच दाखिल कराया है। साथ ही उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई के लिए भी प्रकरण प्रस्तुत किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया एवं थाना नीमच सिटी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।