चित्तौड़गढ़। सदर थाना पुलिस ने डगला का खेड़ा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के दो छत पंखे, एक टैबलेट पीसी एवं एक यूपीएस बरामद किया है। मामले में एक नाबालिग को भी नामजद किया गया है। शेष चोरीशुदा सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि 29 जून 2026 को विद्यालय की प्राचार्य लीला चांवला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने रात के समय स्कूल कार्यालय एवं तीन कमरों के ताले तोड़कर दो स्मार्ट एलईडी, एक टैबलेट पीसी, एक पोर्टेबल साउंड सिस्टम, दो छत पंखे, एक यूपीएस तथा इन्वर्टर बैटरी चोरी कर ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी बृजेश सिंह के सुपरविजन तथा थानाधिकारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने भगवानलाल सरगरा (22) निवासी बोदियाना, थाना चंदेरिया, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर दो छत पंखे, एक यूपीएस और एक टैबलेट पीसी बरामद किए गए। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने इस वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी नामजद किया है। मामले में शेष चोरीशुदा सामान की बरामदगी एवं अन्य सरकारी भवनों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-
कार्रवाई में थानाधिकारी प्रेम सिंह, एएसआई हिम्मत सिंह, कांस्टेबल बलवंत सिंह, गजेन्द्र सिंह, धर्मेन्द्र कुमार, विनोद एवं शिवराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।