सिंगोली। आगामी श्रावण सोमवार एवं मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार शाम पुलिस थाना सिंगोली में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में थाना प्रभारी ने श्रावण सोमवार पर निकलने वाली शाही सवारी एवं मोहर्रम के जुलूस के रूट, समय और व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आग्रह किया।
बैठक में नगर परिषद उपाध्यक्ष मोतीलाल धाकड़, दिनेश जोशी, प्रदीप जैन, सदर रईस खान, प्रेमचंद जैन, पूर्व सदर जमील मोहम्मद मेव, नगर कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्षद राजेश भंडारी, पार्षद निसार पठान, इमरान खान, जीवन बलाई, विद्युत विभाग के कर्मचारी, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, बिजली, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।