गरोठ। गरोठ विकासखंड के ग्राम चचावदा पठारी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को कथित रूप से गंदा एवं कीड़ों वाला पानी पिलाए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आंगनवाड़ी केंद्र की पानी की टंकी में गंदा पानी भरा हुआ था, जिसमें कीड़े दिखाई दे रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी पानी का उपयोग बच्चों को पिलाने के लिए किया जा रहा था। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
वीडियो वायरल होने के बाद मंदसौर कलेक्टर दिव्यांक सिंह एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) अंकिता पंड्या ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के लिए गरोठ सीडीपीओ रीना झिजोरिया को आंगनवाड़ी केंद्र भेजा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के लिए संचालित किए जाते हैं, ऐसे में इस प्रकार की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है।