सेगांव। ऊन थाना क्षेत्र के गंधावड़ के समीप ऊन-गंधावड़ मार्ग स्थित पुलिया पर शुक्रवार देर रात तेज बारिश के कारण बड़ा हादसा हो गया। पुलिया पर पानी का तेज बहाव होने के दौरान बाइक से गुजर रहे दो युवक बह गए। इनमें से एक युवक ने पेड़ का सहारा लेकर अपनी जान बचा ली, जबकि दूसरा युवक अब भी लापता है। उसकी तलाश के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार ऊन निवासी वासु और विनय इंदौर में कॉलेज में प्रवेश संबंधी कार्य पूरा कर बाइक से वापस ऊन लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे गंधावड़ के पास पुलिया पार करते समय तेज बहाव के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पानी में बह गई।
हादसे के दौरान वासु ने बहते हुए एक पेड़ का सहारा लेकर अपनी जान बचा ली, जबकि विनय तेज धारा में बह गया। सूचना मिलते ही ऊन थाना पुलिस, प्रशासनिक अमला और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रात करीब 2 बजे से शुरू किया गया सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
रेस्क्यू के दौरान बाइक पुलिया से करीब 50 मीटर दूर पानी में मिली, जिसे बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि लापता युवक का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। युवक के परिजन भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और तलाश अभियान में सहयोग कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में पानी का बहाव अभी भी तेज बना हुआ है, जिससे रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान पानी से लबालब पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं।