चित्तौड़गढ़। जिला निष्पादक समिति की बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में जिला परिषद के डीआरडीए सभागार में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, विद्यालय सुरक्षा, हरियालो राजस्थान अभियान, निर्माण कार्यों तथा निजी विद्यालयों की बाल वाहिनियों के संचालन की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला कलक्टर ने हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण एवं जियो-टैगिंग कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। तीन ब्लॉकों की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने जिले की सभी निजी स्कूल बसों (बाल वाहिनियों) का आगामी सात दिनों में सुरक्षा मानकों के अनुरूप विशेष निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। बिना फिटनेस, बिना पंजीयन अथवा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के संचालित वाहनों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई कर उन्हें सीज करने के निर्देश भी दिए।
वर्षा ऋतु को देखते हुए जिला कलक्टर ने सभी विद्यालयों के जर्जर भवनों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में विद्यालयों में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों एवं पारदर्शिता के साथ पूर्ण करने तथा स्वीकृत बजट का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विद्यालयों के समग्र विकास के लिए अधिकाधिक भामाशाहों को जोड़ने तथा उत्कृष्ट सहयोग देने वाले भामाशाहों को जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. घनश्याम चावला, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर त्रिपाठी, सतीश दशोरा, सहायक निदेशक नरेंद्र सिंह चौहान, सहायक परियोजना अधिकारी दीनदयाल नारायणीवाल, आईसीडीएस विभाग के अधिकारी तथा जिले के सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।