सेगांव। प्रदेश सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से 7 अगस्त से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान प्रारंभ किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को खरगोन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) मिलन नागदेव ने सेगांव जनपद पंचायत सभाकक्ष में अधिकारियों, पंचायत सचिवों एवं रोजगार सहायकों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ नागदेव ने बताया कि अभियान के दौरान अधिकारी एवं कर्मचारी गांव-गांव पहुंचकर आमजन से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे तथा अधिक से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना, पारदर्शिता बढ़ाना तथा शिकायतों का समयबद्ध समाधान करना है।
संवेदनशीलता और समयबद्ध समाधान पर जोर-
सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन से संवेदनशीलता एवं सरल व्यवहार के साथ संवाद स्थापित करें तथा जनसुनवाई को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अधिसूचित सेवाओं का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही गांवों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का भी प्रभावी निरीक्षण किया जाए।
मिशन मोड में होगा अभियान का संचालन-
बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत प्रत्येक चरण में निर्धारित तिथियों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा प्राप्त शिकायतों और उनके निराकरण की नियमित समीक्षा की जाएगी। ब्लॉक स्तर की समस्याओं का मिशन मोड में समाधान कर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जनपद पंचायत सीईओ डॉ. रीमा अंसारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री, एडीओ, पीसीओ, पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
सीईओ मिलन नागदेव ने स्पष्ट किया कि जनविश्वास अभियान के दौरान अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि गांवों में पहुंचकर आमजन से सीधा संवाद स्थापित करेंगे और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देंगे।