नीमच। जिला चिकित्सालय में नाबालिग बच्ची से कथित छेड़छाड़ के मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। शनिवार को अपर कलेक्टर बीएस क्लेश एवं एसडीएम पराग जैन ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की।
अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति तथा वार्डों की निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित कर्मचारियों से घटना के संबंध में जानकारी भी ली गई।
अपर कलेक्टर बीएस क्लेश ने कहा कि जांच रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 26 जुलाई को अपनी भर्ती मां के साथ जिला अस्पताल में ठहरी एक नाबालिग बच्ची से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। फिलहाल प्रशासनिक जांच जारी है और उसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।